ट्रायल में नहीं पकड़ सकी ट्रेन सौ किमी. की रफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
इटावा-मैनपुरी रेल लाइन पर शुक्रवार को यात्री ट्रेन का ट्रायल हुआ। इसमें अभी खामियां मिली हैं। रेलवे का सौ किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चलाने का लक्ष्य था लेकिन ट्रैक में खामियों के चलते ट्रेन 90 किमी. की रफ्तार ही पकड़ सकी। ट्रायल के दौरान ही डीआरएम इलाहाबाद संजय कुमार पंकज और संरक्षा आयुक्त प्रभात वाजपेयी ट्रैक में सुधार होने के बाद ही ट्रेन संचालन होने की बात कहकर चले गए। वे अपनी रिपोर्ट कमिश्नर रेलवे सेफ्टी को सौंपेंगे।
डीआरएम इलाहाबाद संजय कुमार पंकज और सुरक्षा आयुक्त प्रभात वाजपेयी 56 किमी लंबे ट्राली ट्रायल के बाद शाम पांच बजे मैनपुरी पहुंचे। इसके बाद डीआरएम ने बताया कि अभी ट्रैक में कई कमियां हैं। अभी संरक्षा का आधा काम ही हुआ है। उनके साथ आए सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि दोनों अधिकारी अपनी रिपोर्ट कमिश्नर रेलवे सेफ्टी को सौंपेंगे। उक्त काम पूरा होने के बाद फिर से ट्रायल होगा। देर शाम इसके बाद मैनपुरी से ट्रेन का ट्रायल इटावा के लिए किया गया। ट्रेन के संचालन का लक्ष्य सौ किमी प्रतिघंटा था लेकिन ट्रेन ट्रायल के दौरान 90 किमी प्रतिघंटा की ही स्पीड से चल सकी। इस दौरान उनके साथ सीएओ पियूष अग्रवाल, सीएनआर नरेंद्र कुमार, सीईजी सत्य प्रकाश आदि मौजूद थे।
भाजपाइयों ने सौंपा ज्ञापन
भाजपा नेताओं ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित कई कालोनी के निवासियों के साथ मिलकर डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि वर्तमान में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा है। यह ओवर ब्रिज प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर आने जाने के लिए है। इस ब्रिज को बढ़ाकर रैक प्वाइंट की लाइन के पार तक बनाया जाए। इसके अलावा एक ट्रेन मैनपुरी से इंदौर तक, फर्रुखाबाद से मैनपुरी होते हुए आगरा तक, दिल्ली से बाया मैनपुरी होते हुए कानपुर लखनऊ तक ट्रेन चलाने व आनंद विहार को प्रतिदिन चलाने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक चौहान, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, शिवराम सिंह चौहान, किशनपाल सिंह, जंगबहादुर सिंह डाक्टर सुमित चौहान आदि मौजूद थे।