फोटो 15 जिला अस्पताल में बच्चों को उपचार देते डॉ. अर्जुन सिंह। संवाद
मैनपुरी। मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पिछले दो दिन में जिला अस्पताल पहुंचे छह माह के बच्चे सहित तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रही। 33 मरीजों को भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में तीन मरीज रेफर किए गए।
पिछले कुछ दिनों से वायरल बुखार के साथ ही सर्दी-जुकाम और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ी है। कस्बा भोगांव के मोहल्ला जगतनगर निवासी देवांश (6 माह) पुत्र अमित का पिछले दो दिन से स्वास्थ्य ठीक नहीं था। परिजन ने उसे एक निजी डॉक्टर को दिखाया, लेकिन राहत नहीं मिली। सोमवार देर शाम उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बिघरई निवासी राजाराम सक्सेना (80) को सोमवार की शाम अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला देवपुरा निवासी रामप्रकाश (50) को सोमवार रात अचानक खांसी आने लगी। सीने में तेज दर्द से उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें रात में ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां उपचार के कुछ समय में ही उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. राज सिंह का कहना था कि बच्चा और बिघरई निवासी वृद्ध को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था, जबकि देवपुरा निवासी रामप्रकाश को अंतिम सांसों में परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।