फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुदा की इबादत में एक साथ झुके हजारों सिर

Thu, 07 Jul 2016 10:29 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मैनपुरी
विज्ञापन
ईद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक ईद-उल-फितर परंपरागत तरीके से गुरुवार को मनाया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह में नमाज पढ़ी और खुदा से मुल्क में अमन और चैन की दुआ मांगी। आगरा गेट पुलिस चौकी पर प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मुस्लिम समाज के लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह और मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। नमाज के बाद देर रात तक एक-दूसरे के घरों पर जाकर ईद की बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
विज्ञापन


ईद को लेकर सुबह से ही शहर में उत्सव का माहौल था। सुबह से ही ईद की नमाज की गहमा-गहमी शुरू हो गई। नए-नए वस्त्र पहने पुरुष और रंग-बिरंगें वस्त्रों से सजे-धजे बच्चे उत्साह के साथ नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह पहुंचे। ईद की नमाज का समय सुबह 8:30 बजे निर्धारित था, लेकिन ईदगाह पहुंचने का क्रम सुबह 7:30 बजे से ही शुरू हो गया। नमाज आरंभ होने से आधा घंटा पूर्व ही यहां पैर रखने तक को जगह नहीं बची। नमाज अदा करने के बाद खुतबा पढ़ा गया।

पेश इमाम मोहम्मद शमी अहमद ने अपनी तकरीर में कहा कि हम मुसलमानों को चाहिए कि रमजान का महीना शुरू होते ही खुशी जाहिर करें और रमजान खत्म होने पर अफसोस जाहिर करें। अल्लाह से प्रार्थना करें कि ऐसा महीना फिर आए और उन्हें नेक काम करने के अवसर मिले। नेक काम से ही आदमी को जन्नत नसीब होती है। इंसान जितनी दिक्कत बर्दाश्त करेगा अल्लाह उतनी ही उसे बरक्कत देगा। रमजान के महीने में रोजा रखने वालों के लिए जन्नत का द्वार खुला रहेगा।
विज्ञापन


नमाज की समाप्ति के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। आगरा रोड स्थित पुलिस चौकी पर डीएम लोकेश एम, एसपी देवरंजन, एडीएम राकेश कुमार मालपाणी, एएसपी दिगंबर कुशवाह, सीएमओ डाक्टर केके शर्मा, चेयमैन साधना गुप्ता आदि ने ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के आसपास मेले जैसा नजारा था।
 
राजनीतिक पार्टियों ने भी लगाए स्टाल
मैनपुरी। सपा, बसपा ने स्टाल लगाकर ईदगाह से नमाज अदा कर लौट रहे लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर विधायक राजकुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बबलू यादव के अलावा सपा जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा, नसीरुद्दीन वारसी, सुजान सिंह यादव, सतीश यादव, डाक्टर राममोहन आदि समेत बड़ी संख्या में सपा नेता मौजूद थे। बसपा के पंडाल में महाराज सिंह शाक्य, दीपक पेंटर, जिलाध्यक्ष एसपीएस राणा आदि मौजूद थे। कांग्रेस से जिलाध्यक्ष संकोच गौड़ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
 
डीएम ने बच्चों को बंटवाई टाफी
मैनपुरी। आगरा गेट पुलिस चौकी पर खड़े होकर डीएम लोकेश एम ने स्वयं ईदगाह से लौट रहे बच्चों को टाफी का वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बच्चों को टाफी दिलाने के लिए डीएम के पास आए। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में फोर्स भी मौके पर मौजूद रहा।

बड़ी खानकाह में भी पहुंचे अधिकारी, नेता
मैनपुरी। ईदगाह की नमाज पूरी होने के बाद लौटते समय डीएम, एसपी समेत सभी अधिकारी और नेता बड़ी खानकाह भी पहुंचे। वहां सभी ने उपस्थित लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
मैनपुरी। ईदगाह में नमाज के दौरान पड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। बड़े चौराहे से ईदगाह की ओर दोपहिया और साइकिल तक को नहीं जाने दिया गया। इसके चलते नमाज पढ़ कर लौट रहे लोगों को कोई परेशानी नहीं हुई। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें