फोटो 13 कचहरी रोड स्थित मिठाई की दुकानों पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
मैनपुरी। भाई-बहन के स्नेह और प्रेम के पर्व भाईदूज पर बुधवार को बाजारों में खरीदारी की रौनक देखने को मिली। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगने लगी। भाइयों ने भी बहनों को देने के लिए आकर्षक उपहार खरीदे। वहीं, भाईदूज की परंपरा में विशेष महत्व रखने वाले नारियल के गोलों की भी जमकर बिक्री हुई।
सदर बाजार, सिटी पोस्ट ऑफिस, स्टेशन रोड, करहल रोड और आगरा रोड सहित विभिन्न बाजारों और मिठाई की दुकानों पर अधिक चहल-पहल रही। भाइयों ने बहनों को उपहार देने के लिए उनकी पसंद के अनुसार उपहार खरीदे। दुकानों पर आकर्षक पैकिंग वाले गिफ्ट, उपयोगी सामान और सजावटी उपहार उपलब्ध बिके रहे। उपहारों की कीमत 150 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक रही। इसके अलावा भाईदूज पर तिलक और पूजन के दौरान इस्तेमाल होने वाले नारियल के गोलों की भी अच्छी मांग रही। आम तौर पर 400 रुपये किलो तक बिकने वाला गोला करीब 500 रुपये किलो में बिका।
भाईदूज पर मिठाइयों की मांग में तेजी रही। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों का आना शुरू हो गया था। बहनों ने भाइयों की पसंद के अनुसार विभिन्न प्रकार की मिठाइयां खरीदीं। त्योहार के चलते मिठाई के डिब्बों की मांग भी अच्छी रही। - डॉ. राजीव नारायण, महामंत्री, मिष्ठान विक्रेता एसोसिएशन