मैनपुरी। एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन ने विवाहिता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जान से मारने की कोशिश की। अंत में उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी शिवशंकर ने बताया कि पुत्री नीलम की एक साल पहले गांव दाउदपुर थाना अलीगंज एटा निवासी कुंदन के साथ की है। शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन पुत्री पर एक लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन उसे पीटा जाता था। करीब सात माह पहले पति कुंदन, ससुर सुधीर, सास सूरजमुखी, ननद वंदना और दीक्षा ने पुत्री को लाठी-डंडों से पीटा। जान से मारने की नीयत से उस पर हसिया से प्रहार किया गया। घायल अवस्था में धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। तभी से पुत्री उनके पास ही रह रही है। ससुरालीजन पुत्री को घर में रखने के लिए तैयार नहीं हैं। महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।