मैनपुरी। विकास खंड किशनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत चितायन के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि उन लोगों के मनरेगा खाते और पेंशन का भुगतान बैंक शाखा प्रबंधक से मिलकर फर्जी ढंग से आरोपी करा लेते हैं। ग्रामीणों ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की।
गुरूवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामवासी प्रवीन कुमार ने कहा कि उन लोगों के मनरेगा और पेंशन खाते ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त चितायन में हैं। गांव के आरोपी शाखा प्रबंधक से मिल कर मनरेगा मजदूरी निकाल लेते हैं। जिसमें रेशमा देवी निवासी नगला वनखंडी, सुरेश, श्रीकृष्ण, राजेंद्र सिंह, राधाकृष्ण निवासी चितायन के खातों से मनरेगा की मजदूरी का भुगतान प्राप्त कर लिया है। नरेंद्र सिंह ने कहा कि जब वह लोग शाखा प्रबंधक के पास गए तो उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने अभद्रता करते हुए भगा दिया। राजकुमार ने कहा कि नगला वनखंडी निवासी गंगाराम की वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि भी बैंक से निकाल ली गई। ग्रामीणों ने अन्य शिकायतें करते हुए डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर राजकुमार, भोले कठेरिया, वीर सिंह यादव, श्रीकृष्ण, अजीतपाल आदि मौजूद थे।