तिकोनिया पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का छठवें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान कलक्ट्रेट में विकास योजनाओं का शिलान्यास करने आए सांसद का कार्यकत्रियों ने घेराव कर लिया और चार सूत्रीय मांगपत्र दिया। साथ ही कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी वह धरने पर बैठी रहेंगी।
उल्लेखनीय है प्रधानपति की गिरफ्तारी सहित चार मांगों के चलते 11 जुलाई से तिकोनिया पार्क में धरना चल रहा है। शनिवार को सांसद तेज प्रताप यादव कलक्ट्रेट पर विकास योजनाओं का शिलान्यास करने आए थे। शिलान्यास करने के बाद वह जा रहे थे। तभी कार्यकत्रियों की उनकी गाड़ी को घेर लिया। घेराव करने के बाद मांग पूरी करने को कहा। इस पर सांसद ने कार्रवाई का आश्वासन दिया ओर एसडीएम से भी वार्ता की। लगभग दोपहर तीन बजे के करीब प्रधानपति अशोक चौहान के खिलाफ बेवर थाने में मुकदमा दर्ज हो गया। कार्यकत्रियों के आंदोलन में एएफएफआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश ने समर्थन किया। जिलाध्यक्ष सरिता शाक्य ने कहा कि धरना रविवार को भी जारी रहेगा। इस मौके पर विमलेश, मंजू चौहान, किरन सक्सेना, ममता चौहान, हरकिशोर सिंह आदि मौजूद रहे।