फर्जी निस्तारण आख्या देने वाले होंगे दंडित
- फोटो : अमर उजाला
किशनी में तहसील दिवस में डीएम के सामने 35 पीड़ितों ने शिकायतें कीं। जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष के निस्तारण के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
शिकायतें सुनते हुए डीएम चंद्रपाल सिंह ने कहा समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाए। कुछ विभागों द्वारा प्रभावी कार्यवाही न कर निस्तारण आख्या भेजी जा रही है। फर्जी आख्या भेजने वाले दंडित किए जाएंगे। अधिकांश शिकायतें जमीनों पर कब्जे की आ रही हैं। सरकारी भूमि, चकरोड, तालाब, पट्टों पर किसी भी दशा में अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए। मुनींद्र सिंह चौहान ने नैगवां खिरिया के प्राथमिक जूनियर स्कूल के ऊपर से हाईटेंशन लाइन के तार पर गार्डवायर लगाने के लिए 21 सितम्बर को मांग की। विभाग ने निस्तारण आख्या भी भेज दी। विद्यालय के ऊपर से गुजर रहे तारों पर गार्डवायर नहीं लगे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र आख्या देने को कहा। रामकली निवासी ऊंचा इस्लामाबाद ने अवैध कब्जा हटवाने, दीनदयाल निवासी नगला गढ़ू ने अवैध कब्जा हटवाने, प्रेमचंद्र निवासी बढ़ेपुर ने असंक्रमणीय भूमि को संक्रमणीय किए जाने, सुनील कुमार निवासी उदयपुर ने ग्राम सभा की भूमि दुरुस्त कराने की मांग की। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना, मुख्य चिकित्साधिकारी केके शर्मा, उप जिलाधिकारी किशनी अमित सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नरेश चंद्र, अधिशासी अधिकारी कुसमरा सीमा तोमर आदि मौजूद थे।