मैनपुरी। कुर्रा क्षेत्र के ग्राम मानपुर पतारा के ग्रामीणों ने गांव में विद्युतीकरण न होने पर पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव का विद्युतीकरण नहीं होगा तब तक ग्रामीण किसी भी चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और गांव के बाहर चुनाव बहिष्कार का बैनर लगाकर विरोध जताया।
रविवार को प्रदर्शन करते हुए ग्रामवासी बजरंगी सिंह ने कहा कि गांव की आबादी लगभग 1500 हजार है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव की पूरी तरह से उपेक्षा की है। कई बार मांग किए जाने के बाद भी गांव में विद्युतीकरण नहीं कराया गया है। जबकि आसपास के गांव में विद्युतीकरण हो चुका है।
सत्यपाल सिंह चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने मतदान का बहिष्कार किया था। तब प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गांव में आकर विद्युतीकरण कराए जाने का आश्वासन दिया था। तीन वर्ष से अधिक का समय बीतने के बाद भी गांव में बिजली की रोशनी नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को विवश हैं। ग्रामवासी सियाराम सिंह, कृपाल सिंह, राधेश्याम पांडेय, वीरपाल सिंह, सर्वेश सिंह, सुरेश सिंह, अनुज, अन्नू, अभिषेक, राजकुमार, अवनीश, शिवम, शिवकुमार, सोनू, डब्बू, पंकज, विजय आदि ने गांव के बाहर चुनाव बहिष्कार का बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। कहा कि जब तक गांव में विद्युतीकरण नहीं होता बहिष्कार जारी रहेगा।