भोगांव। मोहल्ला जगतनगर में ट्रांसफाॅर्मर जल जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। मोहल्ले के लोग बिजली नहीं आने से पानी के लिए भी परेशान हैं। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जाने से लोगों में रोष है।
बुधवार रात लगभग आठ बजे मोहल्ला जगतनगर से संबंधित ट्रांसफाॅर्मर में आग लग गई थी। इससे ट्रांसफाॅर्मर जलने लगा और कुछ ही देर में जल गया। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोग गर्मी में परेशान हो गए। मच्छरों ने लोगों की दिक्कतों को और बढ़ा दिया।
घरों में पानी नहीं आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। कई बार शिकायत और फोन कॉल पर निवेदन के बाद भी विद्युत निगम की ओर से ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया है। इस मामले में विद्युत उपखंड अधिकारी महेश प्रभाकर का कहना है कि देर शाम तक ट्रांसफाॅर्मर आने की संभावना है। ट्रांसफाॅर्मर स्थापित कराकर रात में ही बिजली आपूर्ति को सुचारू करा दिया जाएगा।