थाना क्षेत्र के गांव जिलही में शुक्रवार को प्रेमी युगल की हत्या कहीं मौका तलाश कर तो नहीं की गई। वहीं युवती का गर्भवती होना भी आत्महत्या की कहानी को उलझा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच में जुटी है।
गांव जिलही निवासी वीरबल पर गांव के प्रधान के भाई की हत्या का आरोप था। छह माह पूर्व ही वह जमानत पर छूटकर आया था। विपक्षियों से उसकी जान को खतरा था इसी वजह पिता ने उसे मोहल्ला काजीटोला में किराए का मकान दिला रखा था। मगर शुक्रवार को उसकी व प्रेमिका की मौत हो गई। पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है। वहीं परिवारीजनों की ओर से भी कोई तहरीर न दिए जाने से मौत का राज गहरा गया है। हो सकता है कि रंजिश मान रहे लोगोें ने ही मौका पाकर हत्याकांड को अंजाम दिया हो और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए पूरा षड्यंत्र रचा हो। वहीं घटना का दूसरा पहलू आनर किलिंग के संकेत भी दे रहा है। मृतक की मां की मानें तो कई बार लड़की व परिवारीजनों को समझाया गया मगर दोनों में से कोई भी नहीं माना। वहीं युवती के चार माह गर्भवती होने की जानकारी से इंकार करना भी युवती के परिवारीजनों पर संदेह बढ़ा रहा है। हालांकि उक्त मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। मगर तहरीर न मिलने से पुलिस की मुश्किलें बढ़ने के साथ ही सही खुलासे की उम्मीद भी कम है।