फिरोजाबाद। वर्षाकाल के दौरान होने वाले जलभराव से मुक्ति को नगर निगम में पुख्ता व दूरगामी योजना तैयार की जा रही है। निगम सूत्रों की माने तो हाल ही प्रदेश के अन्य जिलों में अर्बन फ्लड योजना के तहत जलभराव की समस्या के निदान को हुए कार्यों व कार्ययोजना के संबंध जानकारी की जा रही है।
वर्षाकाल के दौरान निगम क्षेत्र के 80 प्रतिशत से ज्यादा वार्डों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। सालों पुरानी समस्या के निदान को नगर निगम प्रशासन कार्ययोजना बनाने में जुटा है। सूत्रों के अनुसार अर्बन फ्लड के तहत तैयार की जा रही कार्ययोजना के तहत क्षेत्रों में नाली और बड़े नाले का निर्माण आदि कराया जाएगा।
निचले क्षेत्रों के लिये भी विशेष कार्ययोजना
थाना रसूलपुर और रामगढ़ क्षेत्रांर्गत किशन नगर, दुर्गेशनगर, छपरिया, हबीब गंज, पैमेश्वर गेट, चौकीगेट, बोधाश्रम रोड, दुर्गानगर, गांधी नगर, जलेसर रोड, कटरा सुनारान और करबला आदि क्षेत्रों में वर्षाकाल के दौरान जलभराव की समस्या होती है। इससे निजात के लिए वाराणसी, नोएडा, गोरखपुर, प्रयागराज आदि में अर्बन फ्लड योजना के तहत कार्य करने वाले निजी व सरकारी संस्थाओं से कार्यवृत व सक्सेज रिपोर्ट मांगने के साथ ही राय मशविरा किया जा रहा है।
वर्जन अर्बन फ्लड योजना के तहत निगम क्षेत्र में व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। खास तौर पर निचले इलाकों में जल निकासी के पुख्ता इंतजाम और पुराने नालों की मरम्मत पर फोकस कर कार्ययोजना बनाई जाएगी। - प्रेमपाल सिंह प्रभारी एक्सईएन नगर निगम