बेवर। कस्बा बेवर के व्यवसायी सुनील भारद्वाज की हत्या का खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस की लापरवाही के विरोध में मंगलवार को बाजार भी बंद रखा था। इसके बाद मंगलवार रात एसपी समेत कई अधिकारी मृतक के परिवारीजनों से मिले। उन्होंने बातचीत के बाद पांच दिन का समय वारदात के खुलासे के लिए मांगा। इसके बाद व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों को बुधवार को खोला।
पुलिस अधीक्षक उदयशंकर जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक स्वामीनाथ, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम ने मृतक व्यवसायी सुनील भारद्वाज के परिजनों से बंद कमरे में लगभग एक घंटे तक बातचीत की। परिजनों की मांग पर घटना की जांच को एसपी ने बेवर पुलिस को सौंप दिया साथ ही वारदात का अतिशीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। साथ ही मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की बात कही। वहीं बहुजन समाजपार्टी के मंडल कोआर्डिनेटर दीपक पेंटर देर रात मृतक सुनील के आवास पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस कप्तान से घटना का अतिशीघ्र खुलासे की मांग की।
पांच दिन में खुलासा करने पर होगा सम्मान
बेवर। व्यवसायी की हत्या में वांछित अपराधियों को जो टीम पांच दिन के अंदर पकड़कर जेल भेजेगी या मामले का खुलासा करेगी उसे उप्र व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू कुशवाह और नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भइयालाल गुप्ता और चेयरमैन सरितकांत भाटिया सम्मानित करेंगे।
कई को लिया हिरासत में
बेवर। भोगांव पुलिस से जांच हटाने के बाद बेवर पुलिस के साथ स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम ने मंगलवार की रात्रि से ही सीडीआर और संदिग्ध नंबरों के आधार पर कई जगह छापेमारी की। इसमें कई युवकों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के खुलासे को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।