मैनपुरी में परिजन ने युवती की शादी तय कर दी तो युवती के प्रेमी ने योजना बनाकर घर में लकड़ी की सीढ़ी लगा दी। अपने दोस्त की मदद से प्रेमिका को सीढ़ी से उतार कर अपने साथ ले गया। जाते हुए युवती घर में रखा लाखों रुपये का जेवर और नकदी भी साथ ले गई। पुलिस ने प्रेमी और साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की एक काॅलोनी की रहने वाली एक युवती की शादी परिजन ने तय कर दी थी। मार्च माह में बरात आने की तारीख तय हो गई थी। घर में खुशी का माहौल था, परिजन ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। लेकिन शादी से पहले ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई।
पिता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि बाड़ा हाउस करहल चौराहा के पास रहने वाले अजय कुमार से पुत्री फोन पर बात किया करती थी। जानकारी होने के बाद उन्होंने पुत्री को रोका और युवक के घर वालों से भी शिकायत की। आरोपी ने अपने एक साथी की मदद से 21 जनवरी की रात को घर में सीढ़ी लगाई और घर में घुस आए।
पिता ने बताया कि उनकी पुत्री को सीढ़ी से उतार कर अपने साथ ले गया। पड़ोसी ने पुत्री को सीढ़ी से उतरते हुए देखा था। बेटी घर में रखे पांच लाख रुपये व सोने चांदी के जेवर भी साथ ले गई है। पुत्री की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।