फोटो 6 शहीद वंशज को सम्मानित करते जिलाधिकारी। संवाद
बेवर। शहीद मेला के शहीद मंच पर सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की गौरव गाथा हमेशा अमर रहेगी। मैनपुरी का स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान है। बेवर की धरती भाग्यशाली है। जिसने तीन अमर शहीदों को जन्म दिया।
उन्होंने युवा पीढ़ी को शहीदों की भावनाओं को आगे बढ़ाने और शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। अमर शहीद तात्या टोपे के वंशज विनायक राव टोपे, शहीद भगत सिंह आजाद के साथी सुरेंद्रनाथ पांडेय के पुत्र सुधींद्र पांडेय, भगत सिंह के ही साथी डॉ. गया प्रसाद की पुत्री सुनीता कटियार, अंडमान के क्रांतिकारी रामकृष्ण खत्री की पौत्री रोहित खत्री, शहीद जमुना प्रसाद त्रिपाठी के पौत्र अभय त्रिपाठी, शहीद सीताराम गुप्त के पौत्र जितेंद्र गुप्त, शहीद कुंवर देवेश्वर तिवारी के वंशज एसी तिवारी को सम्मानित किया गया। संजीव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्राथमिक विद्यालय रुद्रपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। मेला प्रबंधक राज त्रिपाठी, राधामोहन दीक्षित, संजीव एटम, शिवनारायण दीक्षित, इंद्रपाल चौधरी, अरविंद भारद्वाज राजीव गुप्ता, गिरीश गुप्ता, महेश दुबे मौजूद रहे।