मैनपुरी। वेलेंटाइन-डे पर शहर में पूरे दिन दिनभर प्यार के इजहार का दौर चला। हिंदू संगठनों की चेतावनी एवं विरोध के बाद भी युवक-युवतियों ने एक दूसरे को गिफ्ट और ग्रेटिंग देकर चोरी-छिपे वेलेंटाइन-डे मनाया। लाल गुलाब की स्टिकों की कीमतों में भारी उछाल रहा।
वेलेंटाइन-डे पर सुबह 10 बजे से ही फूलबाग और लोहिया पार्क गुलजार हो उठे। युवक और युवतियों ने पार्कों में मस्ती की। कई नवविवाहित जोड़े भी फूलबाग में नजर आए। अनेक युवाओं ने गिफ्ट के रूप में मोबाइल सैट भी खरीदे। वेलेंटाइन-डे पर आकर्षक ढंग से सजे रेस्टोरेंटों में कई जोड़े बैठे नजर आए। कार्ड एवं गिफ्ट विक्रेताओं के यहां आकर्षक ढंग से सजी लाल गुलाब की स्टिकें युवाओं को आकर्षित कर रहीं थीं। रोज स्टिक की मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। एक-एक रोज स्टिक 50 से 60 रुपये में बिकी। रविवार होने के चलते कई लोगों ने अपने दोस्तों को मोबाइल से वेलेंटाइन-डे की बधाई दी।
पूरे दिन पुलिस भी रही सक्रिय
हिंदूवादी संगठनों द्वारा वेलेंटाइन डे का विरोध करने की घोषणा पर पुलिस सक्रिय रही। फूलबाग, लोहिया पार्क, गिफ्ट सेंटरों और रेस्टोरेंटों के आसपास पुलिस और महिला पुलिस गश्त करती रही। वेलेंटाइन-डे पर कहीं किसी प्रकार का टकराव न होने पर पुलिस अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।