मैनपुरी। पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को जिले के सभी नौ ब्लाकों के लिए बनाए गए मतगणना स्थलों पर शुरू हुई। प्रात: आठ बजे से शुरू हुई मतगणना अंतिम चुनाव परिणाम आने तक जारी रहेगी। मतगणना स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल तैनात किया गया है। इसके अलावा अर्ध सैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। बीच-बीच में चुनाव प्रेक्षक, डीएम और एसपी सहित अन्य अधिकारी विभिन्न मतगणना स्थलों का जायजा लेते रहे। फोर्स ने मतगणना स्थलों के आसपास किसी को फटकने तक नहीं दिया गया।
मैनपुरी ब्लाक के लिए ब्लाक परिसर में, बेवर के लिए आदर्श जनता इंटर कालेज, सुल्तानगंज के लिए एनडी कालेज भोगांव, कुरावली के लिए देवनागरी इंटर कालेज, घिरोर के लिए डीएवी इंटर कालेज, बरनाहल के लिए एके इंटी कालेज, करहल के लिए जैन इंटर कालेज, और जागीर ब्लाक के लिए चौधरी सूरज सिंह जिला पंचायत इंटर कालेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है। वहीं किशनी में पर्याप्त व्यवस्था होने के चलते मतगणना लगभग दो घंटे देरी से शुरू हुई। वहां रामसिंह महाविद्यालय किशनी को मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतगणना केंद्रों के आसपास पुलिस बल ने किसी को नहीं जाने दिया। ऐसे में मतगणना स्थलों के आसपास अघोषित कर्फ्यू जैसा सन्नाटा। जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों के समर्थकों को कई बार पुलिस ने लाठियां फटकार कर भगाया। मतगणना स्थल पर बीड़ी, माचिस, सिगरेट, लाइटर आदि ले जाने पर प्रतिबंध रहा है। मतगणना अभिकर्ताओं को पंडाल में मोबाइल तक ले जाने की इजाजत नहीं थी। सभी को कड़ी चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया गया। मतगणना पांडालों के इर्द-गिर्द बेरीकेटिंग की गई है।
मतगणना को शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा के मध्य संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी मतगणना स्थलों को छावनी में तब्दील कर दिया है। मतगणना स्थलों की ओर जाने वाले रास्तों पर बेरियर लगाकर पुलिस का पहरा बैठाया गया है। केवल प्रत्याशी और एजेंटों को ही मतगणना स्थल की ओर जाने की इजाजत है। मतगणना के दौरान प्रेक्षक, डीएम, एसपी और अन्य अधिकारी भी मतगणना कार्य का निरीक्षण करते रहे।