ग्रामीण क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुधवार को एक मजदूर की मौत हो गई। गांव बछेला में हुई इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने करहल-सिरसागंज पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चला जाम मजदूर के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने के आश्वासन के बाद खुला।
ग्राम बछेला में राजू (35) मकान का निर्माण कार्य कर रहा था वह छत पर लोहे की बीटा चढ़ा रहा था तभी वो बीटा छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे करंट लग गया और मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत पर किसानों ने शव रखकर करहल-सिरसागंज मार्ग के ग्राम असरोही चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी ग्रामीण गांव के घरों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन को तुरंत हटवाने और मृतक युवक के परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय से सैकड़ों प्रार्थनापत्र देकर अधिकारियों से मांग करते आ रहे हैं कि गांव में घरों के ऊपर से गुजर रही लाइन को हटाकर किसी दूसरी जगह से निकाला जाए। इसकी वजह से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। उनकी लापरवाही के कारण ही युवक की जान चली गई।
जाम की वजह से मार्ग पर यातायात ठप होने से एसडीएम रामचंद्र यादव और सीओ अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के मुआवजा देने के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खोला। घटना स्थल पर पहुंचे जिलापंचायत सदस्य राहुल यादव, बहुजन किसान दल के प्रदेश उपाध्यक्ष लालू यादव ने भी मृतक के परिवार को मुआवजा देने और घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो 21 जुलाई को फिर से जाम लगाएंगे।