दन्नाहार। थाना क्षेत्र में रविवार रात टिंडौली क्रासिंग पर फाटक न खोलने पर गेट मैन को पीटने वाले क्राइम ब्रांच के नहीं बल्कि मैनपुरी की एसओजी टीम के सिपाही थे। उनके साथ मौके पर टीम प्रभारी भी नजर आ रहे हैं। सिपाहियों ने गाली-गलौज करते हुए सरकारी पिस्टल लगाकर धमकाया भी था। सिग्नल न मिलने की वजह से कालिंद्री एक्सप्रेस काफी देर तक रुकी रही थी। थाना क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी अवध किशोर टिंडौली रेलवे क्रॉसिंग 29 पर गेट मैन है। रविवार देर रात वह ड्यूटी पर थे, तभी एक कार सवार पांच लोगों ने गेट खोलने को कहा, गेट मैन के मना करने पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। कार सवारों ने पिस्टल लगाकर धमकाया और पिटाई भी की। हमलावर खुद को क्राइम ब्रांच की टीम बता रहे थे। जब घटना का सीसीटीवी वायरल हुआ तो स्पष्ट हो गया कि गेट मैन को पीटने वाले क्राइम ब्रांच नहीं बल्कि एसओजी टीम के सिपाही थे। उनके साथ मौके पर टीम प्रभारी भी मौजूद थे। गेट मैन की ओर से दन्नाहार थाने में कार सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, जब घटना के बारे में एसपी गणेश प्रसाद साहा से जानकारी लेनी चाही तो इस संबंध में कुछ भी बोले बिना चले गए। अन्य पुलिस अधिकारी भी घटना के बारे में बोलने से बचते नजर आए।
-
पहले भी चर्चा में रही है टीम
एसओजी मैनपुरी के आरक्षी और टीम के हंगामे का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी टीम अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में रह चुकी है, एक बार शहर के मदार दरवाजे पर पिस्टल के साथ दुकानदार से विवाद, एक बार राधारमन रोड पर नशे में आरक्षी का विवाद और पिस्टल छीने जाने का मामला सामने आ चुका है, मगर फिर भी अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, मगर इस बार मामला केंद्र सरकार के रेल विभाग से जुड़ा है। ऐसे में देखना है कि इस बार भी मामला रफा-दफा होता है या कोई कार्रवाई होती है। पीड़ित ने दर्ज प्राथमिकी में सभी के नशे में होने की जानकारी भी दी है।