फूडग्रेन कमीशन एजेंट एसोसिएशन द्वारा मंडी में गेहूं की खरीद बंद किए जाने से मंडी में सन्नाटा पसरा है। आढ़तिया गेहूं खरीद पर कमीशन बढ़ाए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। तीसरे दिन भी मंडी की दुकानें बंद होने से किसान परेशान हो रहे हैं।
सरकारी खरीद केंद्रों पर किसान का गेहूं 1635 रुपया प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। शासनादेश के अनुसार आढ़तियां कमीशन दिलाए जाने की मांग कर रहे हैं। फूडग्रेन कमीशन एजेंट एसोसिएशन ने मंडी में गेहूं की खरीद बंद करते हुए तीसरे दिन भी आढ़तें बंद रखीं। तीसरे दिन भी दुकानें बंद रखकर मंडी परिसर में आढ़तिया एकत्रित हुए। मंडी परिसर में हुई बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष उपदेश यादव ने कहा किसान के गेहूं की खरीद सरकारी खरीद केंद्रों पर पूरी तरह नहीं हो पा रही है। मंडी की दुकानें बंद होने से किसान सरकारी खरीद केंद्रों पर अपना गेहूं बेचे बिना ही लौट रहे हैं।
महामंत्री अनुपम कुशवाहा ने कहा आढ़तिया शासनादेश के अनुसार कमीशन बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं। आढ़तिया शासनादेश के मुताबिक ढाई प्रतिशत कमीशन दिए जाने की मांग कर कर रहे हैं। सुरेशचंद्र बंसल, सियाराम यादव, हाकिम सिंह राजपूत, लक्ष्मी नरायन गुप्ता, रामवीर सिंह, रामदास यादव, बलवंत सिंह राठौर, महावीर सिंह, गोपाल पमार, राजेश यादव, बिजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र राठौर, कौशलेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।