थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक 13 वर्षीय किशोरी गर्भवती हो गई। किशोरी ने जो बताया उसे सुनकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद युवक की तलाश शुरू कर दी है।
कुरावली इलाके में पीड़ित पिता ने रविवार को पुलिस को बताया कि 13 वर्षीय पुत्री के शारीरिक बदलाव को देख मां को कुछ शक हुआ। दो दिन पहले प्रेग्नेंसी किट मंगाकर जांच की तो होश उड़ गए। उनकी नाबालिग बेटी गर्भवती है। जब इस बारे में बेटी से पूछा तो उसने रोते हुए बताया कि करीब पांच माह पहले वह गांव स्थित आटा चक्की से आटा लेने गई थी। तभी गांव के रहने वाले अमन ने अकेला पाकर उसे पकड़ लिया और खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसे धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया गया है।
एसपी ग्रामीण ने गांव पहुंच कर ली घटना की जानकारी
महिला अपराध से जुड़े मामले की जानकारी होने के बाद एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने पीड़िता के गांव पहुंच कर घटना की जानकारी ली। सीओ व थाना प्रभारी को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी व न्यायालय में समय से चार्जशीट पेश करने व मजबूत पैरवी के निर्देश दिए हैं।
वर्जन
परिजन की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक तिवारी, एसपी ग्रामीण