बेवर। थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाजार से घर लौट रहे दर्जी की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजा, पुलिस ने टक्कर मारने वाले डंपर को कब्जे में ले लिया है।
कस्बा बेवर निवासी 45 वर्षीय सुरजीत जयपुर स्थित एक कंपनी में कपड़े की सिलाई का काम करते थे। कुछ दिन पहले वह घर आए थे। सोमवार शाम को वह कस्बा स्थित एक दर्जी की दुकान पर गए थे। देर शाम बाइक से घर लौटते समय रामलीला मैदान के सामने डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में सुरजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस बीच चालक डंपर लेकर भाग गया। पुलिस ने कुछ दूर पर ही टक्कर मार कर भाग रहे डंपर को भी पकड़ लिया गया। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।