हादसे में छात्रा की मौत, परिवार के लोगों ने लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
नगर क्षेत्र में शुक्रवार को कोचिंग से लौट रही छात्रा को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिवारीजनों ने आरोपी बाइक सवार अन्नू को पकड़ लिया। इसी बीच गोपाल नगर निवासी एक व्यक्ति लोगों ने मारपीट कर उसे छुड़ाकर ले गया। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिवारीजन युवकों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में गुस्साए लोगों ने कचहरी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटा तक दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी राजेश चौधरी ने लोगों समझाया तब लोग शांत हुए।
कोतवाली क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित तहसील के समीप रहने वाले हरिओम शुक्ला की पुत्री अनुराधा शुक्ला उर्फ नेहा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह कोचिंग खत्म कर घर लौट रही थी। इसी बीच एक बाइक पर सवार अन्नू चौहान निवासी हाल निवासी जीवालाल कालोनी अपने दो साथियों के साथ बाइक से आ गया और अनुराधा को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की टक्कर लगने से छात्रा सिर के बल गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद लोगों ने पीछा कर बाइक सवार अन्नू को पकड़ लिया। इसके बाद उसके पक्ष के अन्य लोगों ने मारपीट कर उसे छुड़ा लिया।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजन छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया। घटना से आक्रोशित परिवार केा लोग शव लेकर घटनास्थल पर गए और जाम लगा दिया। काफी देर तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सीओ राजेश चौधरी और अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत कराया। कोतवाली पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें अन्नू चौहान गांव सहारा बिछवां हाल निवासी जीवालाल कालोनी और मनी दीक्षित निवासी गोपाल नगर विरुद्ध मारपीट करने, दुर्घटना आदि धाराओं में मामला दर्ज किया है।
छात्रा को टक्कर मारने वाली बाइक चोरी की बताई गई है। परिवारीजनों का कहना है कि यूपी84 जे 4584 के चोरी की रिपोर्ट बिछवां थाने में दर्ज है। वहीं, बाइक चला रहा अन्नू नाबालिग बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक को वही चला रहा था। घटना के समय बाइक तीन युवक बैठे थे।