नाबालिग के हाथ में बाइक की रफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
यातायात नियमों को धता बताकर बगैर लाइसेंस, बिला हेलमेट के बाइक पर तीन सवारियां बिठाकर तीन सवारियां लेकर शहर की सड़कों नाबालिग दौड़ रहे हैं। हर रोज ट्रिपल राइडिंग के चलते हो रही मार्ग दुर्घटनाओं का अंजाम देखने के बाद भी अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेफिक्र बने हुए हैं।
आगरा रोड का दृश्य नंबर -1 पुलिस के सामने एक बाइक पर सवार तीन नाबालिग तेज रफ्तार से गुजरे। मगर इन्हें रोकना और समझाना तो दूर चौराहों पर तैनात रहने वाली पुलिसकर्मियों ने एक नजर देखा भी नहीं। एक नाबालिग बाइक चला रहा था दूसरा बाइक को और तेज चलाने की बात कह रहा था। जबकि तीसरा स्कूली ड्रेस में उल्टा बैठा हाथ में गैस सिलेंडर थामे हुए था।
कचहरी रोड का दृश्य नंबर -2 कहीं नाबालिग अपनी जान को जोखिम में डालकर वाहनों पर घूम रहे हैं तो कहीं छोटे बच्चे वाहनों के पीछे लटककर जान को खतरे में डाल रहे हैं। रविवार को कचहरी रोड पर एक टेंपो पर तीन नाबालिग बच्चे लटके हुए यात्रा कर रहे थे। तीनों क्रिश्चियन तिराहा से टेंपो पर लटके और जेल तिराहा तक इसी तरह सफर करते रहे। मगर रास्ते में चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।