एसआईबी टीम ने दो ज्वेलर्स के यहां मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
एसआईबी टीम ने नगर में दो ज्वेलर्स की दुकानों पर छापा मारा। स्टाक तथा अभिलेखों का मिलान नहीं होने पर अभिलेख सील कर टीम ने कब्जे में लिए। स्टाक और अभिलेखोें में कमियां मिलने पर ज्वेलर्स मालिकों को नोटिस देकर कार्यालय में अभिलेखों सहित अपना पक्ष रखने के लिए तीन जनवरी को बुलाया है।
शासन तथा वाणिज्य कर विभाग के निर्देश पर एसआईबी टीम ने शुक्रवार को नगर में नारायण ज्वेलर्स तथा सीताराम श्याम सुंदर सराफ की दुकानों पर छापा मारा। टीम प्रभारी उदय नरायन सिंह ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी, डिप्टी कमिश्नर एसएन सचान, असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल विजय सिंह बिसेन, वाणिज्य कर अधिकारी सचल दल भंवर सिंह यादव टीम के सदस्योें के साथ दुकानों पर पहुंचे। दोनों दुकानों पर स्टाक का निरीक्षण कर अभिलेखों से मिलान किया। स्टाक तथा अभिलेखों का मिलान नहीं होने पर टीम ने अभिलेख सील कर कब्जे में लिए। बिल बुकों पर टीम सदस्यों ने हस्ताक्षर कर दुकान मालिकों को लौटाकर जांच के दौरान संपूर्ण अभिलेखों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए। दुकान मालिकों को जांच के लिए तीन जनवरी को बुलाया गया है। ज्वेलर्स के यहां छापे की खबर से बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चले गए। असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि ज्वेलर्स के यहां छापेमारी जारी रहेगी। जिले भर में ज्वेलर्स का चिन्हीकरण भी कराया जा रहा है।
दो वाहनों से वसूला जुर्माना
ज्वाइंट कमिश्नर उदयभान सिंह तथा असिस्टेंट कमिश्नर विजय सिंह बिसेन की टीम ने शुक्रवार को तीन वाहनों को वाणिज्य कर की चोरी करते हुए पकड़ा है। एक कोरियर के वाहन से 1.60 लाख रुपया, सुपारी से लदे एक ट्रक से 236250 रुपये के जुर्माने की रसीद काटी गई है। प्लास्टिक के कचरे से लदे एक ट्रक सहित तीनों वाहनों को कोतवाली मेें खड़ा कराया गया है।