मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगरिया में सोमवार शाम मंदिर में पूजा करने गई युवती के साथ तीन युवकों ने अभद्रता की, जब युवती व परिजन शिकायत करने गए तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायर कर दिया, गोली पास में मौजूद एक बच्ची के पैर में लगी, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। बच्ची व घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
मोहल्ला नगरिया की रहने वाली एक युवती ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे वह मोहल्ला स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई थी। तभी वहां मौजूद तीन युवकों ने अभद्रता करना शुरू कर दिया। घर आने के बाद उसने परिजन को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मां और भाई युवकों के यहां शिकायत करने के लिए गए। शिकायत करने पर तीनों युवक भड़क गए और उसे, मां और भाई को पीटना शुरू कर दिया। मां पर तमंचा से फायर कर दिया, गोली मां को न लगकर पास खड़ी एक करीब छह साल की बच्ची के पैर में लगी। लोगों को एकत्रित होता देख हमलावर वहां से भाग गए। घायल बच्ची और युवती के भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर सीओ सिटी ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। बताया कि झगड़े के दौरान मारपीट व गोली चलने की सूचना मिली है, बताया गया है कि गोली बच्ची के पैर को छूकर निकली है। पुलिस हमला करने वालों की तलाश कर रही है, प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।