सात माह की गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई
- फोटो : अमर उजाला
निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार उप्र लखनऊ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर सात माह की गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। इस दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य, उचित आहार लेने के उद्देश्य से प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी लोकेश एम ने सिकंदरपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के माध्यम से गांव की सात माह की गर्भवती सानो, अफसाना को फलों की डलिया भेंटकर रस्म अदा कराई। गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषक तत्वों से समाहित भोजन लेने की सलाह दी, ताकि पैदा होने वाला बच्चा स्वस्थ रहे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्री को आदेश दिए कि वह गर्भवती महिलाओं को उचित खान-पान, नियमित जांच कराने को प्रेरित करे। दो बच्चों के बीच कम से कम दो या तीन वर्ष का अंतर रखने की सलाह दी। बच्चों को सभी टीके समय से लगवाए। वहीं बिछवां में भी सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई की रस्म की गई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, अनुज चक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री जेबा आफताब, सहायिका आदि उपस्थित रहे।