55 गरीब परिवारों को बांटे मुफ्त गैस कनेक्शन
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत करहल क्षेत्र में 55 गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन वितरित किए गए। सांसद तेज प्रताप सिंह ने शुक्रवार को नगर के इटावा रोड पर स्थित जीएल रिसोर्ट में गरीबों को गैस कनेक्शन के दस्तावेज सौंपे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को निशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन (उज्ज्वला योजना ) देने की योजना शुरू की है। शुक्रवार को सांसद तेज प्रताप यादव ने बीपीएल परिवारों को इंडेन गैस के दस्तावेजाें सहित सिलेंडर व चूल्हा उपलब्ध कराया। सांसद ने कहा कि एलपीजी कनेक्शन मिल जाने से इन गरीब परिवारों के लोग भी अपनी रसोई में गैस चूल्हे से खाना बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों को सुविधा के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने के बजाय इस दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ काम किया जाना चाहिए। उत्तर प्रदेश की सरकार गरीबों, मजदूरों, किसानों व अल्पसंख्यकों की सहायतार्थ अनेक कदम उठाए हैं। विकास प्रक्रिया को इस प्रकार चलाया जाए कि सभी को इसका पर्याप्त लाभ प्राप्त हो। इस मामले में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया। इस कारण लोग सपा को फिर से वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत देकर जिताएंगे, ऐसा हम सब का दृढ़ विश्वास है। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डा. राम कुमार यादव, चंदगीराम यादव, अभिषेक यादव सोनू व जिला नोडल अधिकारी अरविंद यादव मौजूद रहे।