एसडीएम ने छह दलाल पकड़ कमरे में बंद किए
- फोटो : अमर उजाला
एआरटीओ कार्यालय में बुधवार को छापामार कार्रवाई के दौरान एसडीएम ने छह दलालों को कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। बाद में जब अधिकारी ने पकडे़ गए दलालों के बारे में जानकारी ली तो पुलिस ने बताया कि दो दलाल वहां से भाग गए। एआरटीओ कार्यालय में हुई इस छापेमारी से हड़कंप मच गया।
एआरटीओ कार्यालय में दलालों की बढ़ती सक्रियता की शिकायतें मिलने के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे एसडीएम राजेश यादव ने छापेमारी की। अचानक अधिकारी के वहां पहुंचने पर वहां मौजूद कर्मियों और दलालों में हड़कंप मच गया। कुछ दलालों ने भागने की कोशिश की तो एसडीएम ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कमरा खोलकर कमरे में बंद छह दलालों को हिरासत में ले लिया। एसडीएम ने कार्यालय में तैनात कर्मियों को फटकार लगाते हुए दलालों की बढ़ती सक्रियता पर रोक लगाने की बात कही।
स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर कार्यालय परिसर में दलालों की मौजूदगी पर रोक नहीं लगी तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने जब पुलिस से पकडे़ छह दलालों के बारे में पूछा तो पुलिसकर्मियों ने बताया कि दो दलाल चकमा देकर भाग गए। पकडे़ गए युवक पिंटू, मिथुन, राजेश और अजय को पुलिस थाने ले गई। समाचार लिखे जाने तक चारों दलाल थाने में ही बैठे हुए थे।
एसडीएम का कहना है कि डीएम को वह अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई होगी।