छात्रा-छात्राओं पर फेंका तेजाब, तीन झुलसे
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के करहल चौराहा पर शुक्रवार देर शाम को सैफई से मैजिक गाड़ी से दो छात्राओं और छात्रों पर एक बाइक सवार ने सिरिंज से तेजाब फेंका। इससे एक छात्रा और दो छात्र तेजाब गिरने से मामूली रूप से झुलस गए। देर शाम उक्त छात्र छात्राओं ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले भोले, विशाल, सुधांशु, पुनीत और सुनील व दो छात्राएं ममता व उपासना प्रतिदिन शहर से सैफई स्थित मेडिकल कालेज में पढ़ने के लिए जाते हैं। प्रतिदिन की तरह वह शाम को सैफई मेडिकल कालेज से लौट रहे थे। शाम को सात बजे जैसे ही वह मैजिक गाड़ी से करहल चौराहे तो वहां कुछ देर के लिए गाड़ी रुकी। तभी बाइक सवार एक युवक वहां आकर रुका। उसने हेल्मेट पहना हुआ था। उसने जेब से सिरिंज निकाली और छात्र-छात्राओं पर उसमें भरा तेजाब फेंक दिया। इससे छात्रा ममता, छात्र विशाल व सुधांशु तेजाब की छींटें पड़ने से मामूली रूप से झुलस गए। इसके बाद बाइक सवार युवक वहां से भाग गया। वहीं डरे सहमें छात्र-छात्राएं वहां से सीधे थाना कोतवाली पहुंचे। इसी दौरान जानकारी मिलने पर उनके परिवारीजन भी थाने पर पहुंच गए। देर शाम खबर लिखे जाने तक उक्त छात्र-छात्राएं थाने में तहरीर दे रहे थे। वहीं सीओ सिटी राजेश चौधरी का कहना है कि आरोपी बाइक सवार की तलाश की जा रही है। साथ ही छात्र छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है कि उन्हें किस पर शक है।