मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में कौशलेंद्र भदौरिया एवं असलम खान स्मृति अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। पहले सेमीफाइनल मैच में एसबीआरएल एकेडमी ने सोमवार को एसीपी पेस फाउंडेशन बेवर की टीम को 38 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
एसीपी पेस फाउंडेशन बेवर ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए एसबीआरएल एकेडमी ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट पर 182 रन बनाए। बल्लेबाज आदित्य ने नाबाद 71, आरव ने 38 और सुमित ने 24 रनों की पारी खेली। बेवर के अभय गुप्ता ने तीन, आयुष और अभय यादव ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसीपी पेस फाउंडेशन बेवर की टीम 23.5 ओवर में 114 रन ही बना सकी। नैतिक ने नाबाद 26, शिखर ने 23 और उदय ने 10 रन बनाए। एसबीआरएल के आस्तिक ने तीन और आशुतोष ने दो विकेट लिए। एसबीआरएल के आदित्य को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुनील शुक्ला ने प्रदान किया। मैच में अंपायरिंग सुनील शुक्ला और शशांक मिश्रा ने तथा स्कोरिंग विक्की शुक्ला ने की।