मैनपुरी। औषधि निरीक्षक दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को राजकीय जिला पशु चिकित्सालय मैनपुरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आठ सरकारी दवाइयों के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए बनारस औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है।
औषधि निरीक्षक बृहस्पतिवार की दोपहर दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर स्थित राजकीय जिला पशु चिकित्सालय पहुंचे। निरीक्षण के समय उप पशु चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित थे। औषधि निरीक्षक ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की भी जांच की। औषधि निरीक्षक ने विशेष रूप से उन दवाइयों के नमूने लिए जिनकी खपत अधिक होती है। बनारस औषधि प्रयोगशाला में इन नमूनों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। जांच में दवाइयों की शुद्धता, शक्ति और अन्य मानकों की परख की जाएगी।
इस पहल से पशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी दवा में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस तरह के निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते हैं ताकि पशुओं को गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलें।