प्लास्टर चढ़ाने के नाम पर लिए रुपये
- फोटो : अमर उजाला
दिवनपुर चौधरी निवासी एक व्यक्ति ने डीएम से शिकायत की कि जिला अस्पताल में प्लास्टर के नाम पर उससे 250 रुपये लिए गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को डीएम जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमएस को उक्त फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
गांव दिवनपुर चौधरी निवासी ग्या प्रसाद ने जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह से शिकायत की कि जिला अस्पताल में प्लास्टर चढ़ाने पर उससे 250 रुपये ले लिए। इस पर जिलाधिकारी अस्पताल पहुंचे और प्रकरण की जांच की। साथ ही उसके पैसे वापस करवाए। उन्होंने प्लास्टर कक्ष को इमरजेंसी कक्ष में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। चेतावनी देते हुए कहा कि चिकित्सक मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराएं। किसी भी मरीज को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। यदि ऐसा मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। यहां लंबे समय से रेडियोलाजिस्ट की तैनाती नहीं है। दंत रोग विभाग में जाकर तैनात चिकित्सकों से बात की। साथ ही मरीजों से जानकारी ली। उन्होंने बाल रोग विशेषज्ञ को पूरे समय चिकित्सालय में उपस्थित रहकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
प्राइवेट प्रैक्टिस न करें सरकारी चिकित्सक
सरकारी डाक्टर प्राइवेट प्रेक्टिस न करें। बाहर की दवा न लिखें। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। यह निर्देश डीएम ने समीक्षा बैठक में दिए। मंगलवार की रात पुलिस लाइन में हुई बैठक में डीएम चंद्रपाल सिंह ने कहा सरकार के संकल्प पत्र को लागू करने में शिथिलता पर कार्रवाई होगी। महिला अपराध पर कड़ाई से लगाम लगाई जाए। सीडीओ से विकास विभाग, सीएमओ से स्वास्थ्य विभाग, एसडीएम से राजस्व की एकरूपता की कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने कहा जनमानस में सुरक्षा की भावना का विकास किया जाए। बैठक में सीडीओ विजय कुमार गुप्ता, एएसपी शिष्यपाल सिंह, डीआईओएस आरपी यादव, बीएसए रामकरन यादव, एसडीओ, सीओ आदि मौजूद थे।