मैनपुरी के करहल चौराहे के पास सोमवार की रात नशे में धुत कार चालक होश खो बैठा और अनियंत्रित कार ने सामने खड़ी कार में टक्कर मार दी। कार सामने दूसरी कार के ऊपर चढ़ गई। हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन
सोमवार की रात एक मकान के बाहर एक कार खड़ी हुई थी। रात करीब 10 बजे दन्नाहार की ओर से एक तेज रफ्तार कार आई और खड़ी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार खड़ी कार के ऊपर चढ़ कर बंद हो गई। टक्कर लगने से हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार के चालक को बाहर निकाला। उसने अपना नाम रितिक बताया। पुलिस ने मंगलवार की सुबह उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसएसआई दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों ही क्षतिग्रस्त वाहन चौकी पर खड़े हैं। चालक नशे में होने की वजह से संतुलन खो बैठा था।