ट्रिपल राइडिंग और कोहरा बना काल
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण रोडवेज बस ने बाइक सवारों को अपनी चपेट मेें ले लिया। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली है। वहीं, आक्रोशित लोगोें ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया और एक घंटे बाद जाम खुलवाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव गिंगौरा निवासी जबर सिंह (35), भाई शैतान सिंह के साथ सुबह नौ बजे बाइक से एटा जा रहा था। जैसे ही वह बिछवां क्षेत्र के घनश्याम पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तभी गांव का ही देशराज पुत्र लालाराम (40) मिल गया। तीनों बाइक से एटा की ओर जाने लगे, तभी पीछे से तेजगति में आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने कोहरे में दिखाई न देने के कारण बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जबर सिंह व देशराज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए। वहीं घायल शैतान सिंह को सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में सीओ कुरावली शमशेर बहादुर व कई थानों का फोर्स पहुंच गया और समझा बुझाकर जाम खुलवाया तब कहीं जाकर यातायात सुचारु हुआ। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे।
मृतक जबर सिंह के भतीजे विजय बहादुर ने अज्ञात बस चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर नगला जीसुख के समीप रोडवेज बस को बरामद कर लिया।
पुत्री के लिए रिश्ता देखने जा रहा था मृतक
बिछवां। हादसे में मरा जबर सिंह पुत्री के लिए रिश्ता देखने एटा जा रहा था। रास्ते में उसे देशराज मिल गया। मौत उसे भी अपने साथ खींच लाई। घटना के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेतीबाड़ी करते थे।