चुनाव आचार संहित लागू होते ही उतारे होर्डिंग-पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में चुनाव की तारीखों का एलान होने के साथ ही जिले में भी अचार संहित लागू कर दी है। चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद डीएम और एसपी ने जिले भर से 24 घंटे के अंदर सरकारी और प्राइवेट प्रापर्टी पर लगे बैनर, होडिंग्स हटाने के निर्देश जारी किए। भोगांव, बेवर, करहल, किशनी, बिछवां समेत सभी थानाक्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का पालन होता दिखाई दिया।
बुधवार को विधानसभा चुनाव 2017 के आगाज की शुरुआत हो चुकी है। चुनाव आयोग ने जिले में आचार संहिता लागू कर दी है। सूचना मिलने के साथ ही डीएम चंद्रपाल सिंह और एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने तत्काल आदेशों पर अमल करने के निर्देश जारी कर दिए। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने और किसी तरह के पक्षपात से बचने के लिए अधिकारियों ने खुद की मौजूदगी में कोतवाली सदर से शहर में मार्च कर सड़कों पर लगे होर्डिंग और बैनर हटवाए। पालिका की टीम और पुलिसकर्मियों के साथ शहर में घूमकर जेसीबी से चुनाव संबंधी पोस्टर, होर्डिंग, बैनर आदि हटवाए गए। भोगांव थाना क्षेत्र में एसडीएम और सीओ ने क्षेत्र में उक्त कार्रवाई के तहत रोडवेज बस स्टैंड, मुख्य बाजार आदि स्थानों से होर्डिंग, बैनर उतरवाए।
बेवर थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने नगर पंचायत कर्मचारियों ने राजस्व कर्मियों के साथ नगर में लगी राजनीतिक होर्डिंग उतारे। पोस्टरों को कालिख से पुताई की गई। करहल, किशनी, घिरोर, एलाऊ, कुरावली, कुर्रा, बिछवां आदि थानों में पुलिस ने देर शाम तक उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। डीएम चंद्रपाल सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता लागू की है इसलिए कोई भी अधिकारी, कर्मचारी किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल न हो। यदि कोई सरकारी कर्मी किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल पाया गया तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओ में प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। एसपी सुनील सक्सेना ने कहा है कि चुनाव को हर हाल में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ही उनका उद्देश्य है। चुनाव आयोग के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया और कराया जाएगा।