फोटो 33 बाजार में बारिश से बचने के लिए छाता लेकर जाती छात्राएं। संवाद
मैनपुरी। मौसम में लगातार बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं ये बदलाव और लोगों के लिए परेशानी भी बनता दिखाई दे रहा है। बुधवार देर शाम को कई इलाकों में तेज बारिश हुई तो जगह-जगह जलभराव हो गया। बृहस्पतिवार सुबह ही बारिश का क्रम शुरू हो गया। स्कूलों की छुट्टी के बाद बच्चे भी भीगते हुए घर पहुंचे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों बारिश के आसार बने हुए हैं।
बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। हालांकि दिनभर गर्मी से लोग परेशान रहे। देर शाम को शहर के साथ कई अन्य इलाकों में करीब 10 से 15 मिनट तक तेज बारिश हुई, रातभर बादल छाए रहे। सुबह फिर से सूरज ने बादलों को अपनी ओट में छुपा लिया और बारिश शुरू हो गई। कई बार हल्की बात तेज बारिश होती रही। दिन में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब अभिभावक बच्चों को लेने पहुंचे तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। हाथों में छतरी लिए या अपनी निजी वाहन लेकर अपने बच्चों को घर लेकर आए। बाजारों में भी लोग छतरी के सहारे खरीदारी करते हुए नजर आए। बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव और गंदगी से लोगों को दो-चार होना पड़ा। लेन गंज, बजाजा बाजार, राजा मंडी व अन्य बाजारों में जलभराव होने की वजह से यहां आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों तक हल्की-तेज बारिश के आसार बताए गए हैं।
फोटो 33 बाजार में बारिश से बचने के लिए छाता लेकर जाती छात्राएं। संवाद