मैनपुरी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी (आज) से शुरू हो रही हैं। इनमें एक लाख से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। जिले को 28 सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं 10 संवेदनशील केंद्रों सहित 216 परीक्षा केंद्रों पर 54 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा के दौरान पांच सचल दस्ते निरंतर भ्रमण करते रहेंगे। वहीं बुधवार को दिन भर परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक सीटिंग प्लान करते नजर आए।
बुधवार को दिन भर अधिकांश केंद्रों पर सीटिंग प्लान बनाने और पर्चियां चिपकाने का कार्य चलता रहा। दोपहर बाद कालेजों के नोटिस बोर्ड पर सीटिंग प्लान के बारे में संबंधित जानकारियां लगाई जा रही थीं। यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले के 216 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 56190 और इंटर के 51141 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के पहले दिन 18 फरवरी को सुबह की पाली में प्रात: 7.30 बजे से 10.45 बजे तक हिंदी की और इंटर की सैन्य विज्ञान की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से 5.15 बजे तक इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा होगी।
मैनपुरी। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पर मोबाइल या कैल्कुलेटर ले जाने पर पाबंदी लगा दी है। परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास की फोटोस्टेट मशीन की दुकानें और पीसीओ भी बंद रहेंगे।
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा में बाहर से नकल रोकने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं संबधित थाने की पुलिस को जिम्मेदारी दी गई है। शासन के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र में बाहर से नकल अंदर न जाने पाए इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित थानाध्यक्ष को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर केंद्र व्यवस्थापक पुलिस बल को अंदर भी बुला सकेंगे।
कचहरी रोड स्थित एक परीक्षा केंद्र पर बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। इसके चलते इन केंद्रों पर लगे पंखे शोपीस बने हैं। प्रधानाचार्य का कहना है कि पैसे के अभाव में बिजली कनेक्शन नहीं है।
हाईस्कूल बालक बालिका
संस्थागत 35144 20883
व्यक्तिगत 64 99
योग 35208 20982
इंटर
संस्थागत 31647 18599
व्यक्तिगत 490 405
योग 32137 19004
इंटर में कुल परीक्षार्थी: 51141
योग: 107331
: नकल पर अंकुश लगाने को 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट।
: जिले में 10 संवेदनशील केंद्र चिह्नित।
: परीक्षा केंद्रों पर 54 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती।
: संवेदनशील केंद्रों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
: परीक्षा केंद्रों के अंदर मीडियाकर्मियों के जाने पर भी रोक।
: नकल कराने वालों को जेल भेजेने के आदेश दिए गए हैं।
जिस केंद्र पर नकल होने की शिकायत मिलेगी उसकी परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। नकल में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। लगातार गड़बड़ी होने की शिकायत प्राप्त होने पर केंद्र को बीच में ही परिवर्तित किया जा सकता है। नकल करने की शिकायत सही पाए जाने पर विद्यालय की मान्यता समाप्त करने, उन्हें ब्लैक लिस्टिड घोषित करने और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नकल होती मिलने पर केंद्र निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रपाल सिंह, डीएम
केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि वह आंतरिक सचल दल नियुक्त कर विद्यालय के गेट पर ही छात्रों की सघन तलाशी लें। यदि तलाशी के दौरान या बाद में किसी के पास से नकल पाई जाती है तो उत्तरदायी आंतरिक सचल दल होगा। परीक्षा के दौरान प्रत्येक कक्ष का ब्लैक बोर्ड साफ होना चाहिए।
- आरपी यादव, डीआईओएस
डीआईओएस कार्यालय में देर शाम तक गहमा गहमी रही। डीआईओएस से लेकर लिपिक तक दिन भर केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी पत्र बांटते रहे। साथ ही उनका सत्यापन करते रहे।
मैनपुरी। पैराडाइज सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के विद्यालयों प्रधानाचार्यों की बैठक सिटी कोआर्डिनेटर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को कराने की जानकारियां दी गईं।
बैठक में सिटी कोआर्डिनेटर डाक्टर राममोहन ने कहा कि इस वर्ष कक्षा 12 एवं कक्षा दस की बोर्ड परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव, एसबीआरएल, सुदिती ग्लोबल एकेडमी शामिल है। वहीं कक्षा दस एवं नवीं की होम परीक्षा विद्यालय स्तर पर ही होगी। यह परीक्षाएं 10 मार्च से शुरू होंगी। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से कहा कि 11वीं की परीक्षा भी बोर्ड के नियमानुसार ही कराएं। प्रैक्टीकल और लिखित दोनों ही परीक्षाओं ने पास होना अनिवार्य है। साथ ही विद्यालय द्वारा वर्ष भर में कराई गई एक्टिविटी के नंबर भी भेजना जरूरी है। इस मौके पर प्रधानाचार्य सीपी पांडेय, शैलेंद्र मिश्रा, सुधेश कुमार, सुनील कुमार, मनोरमा दास, दीपक दास, एके जैन, एसके मिश्रा, केएच शर्मा, राघव पचौरी, शशांक गुप्ता, डीके शर्मा, विपिन यादव, डाक्टर आरपी सिंह आदि मौजूद थे।