पीएचसी के भवन में बन रही थी शराब
- फोटो : अमर उजाला
करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों की दवा आदि के लिए बेवर में बनाए गए भवन में शराब तस्करों ने ठिकाना बना लिया था। बेखौफ शराब तस्कर पीएचसी के भवन में अवैध देशी शराब बनाकर जिले भर में सप्लाई कर रहे हैं। सूचना पर आबकारी विभाग ने छापा मारा तो वहां की गई व्यवस्थाएं देख दंग रह गए। आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर मिले लोगों को थाना पुलिस को सौंप दिया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव काजीहार में पीएचसी का निर्माण किया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को समय पर उपचार और दवा उपलब्ध कराना था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की अनदेखी और स्थानीय कर्मचारियों की मिलीभगत से यहां पर शराब तस्करों ने अपना ठिकाना बना लिया। उल्लेखनीय है कि काजीहार में बाहरी हिस्से में पीएचसी बनी है। पीएचसी के कई कमरे बंद और खाली पड़े रहते हैं। आबकारी अधिकारी को सूचना मिली कि काजीहार में पीएचसी परिसर में अवैध शराब बनाने का काम चल रहा है। शुक्रवार की शाम आबकारी टीम ने पुलिस के साथ काजीहार पहुंचकर पीएचसी परिसर में छापा मारा। वहां एक कमरे में शराब की भट्ठी चल रही थी। वहीं शौचालय के टैंक में बड़ी मात्रा में लहन भरा मिला था। टीम ने मौके से सौ लीटर शराब बरामद कर ली। वहीं टैंक में भरे दस हजार लीटर लहन को फेंक दिया। ग्रामीणों ने टीम को बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस संबंध में एएसपी दिगंबर कुशवाह ने कहा कि जांच कराई जा रही है कि आखिर किस की शह पर पीएचसी में शराब बनाई जा रही थी। सीएमओ डाक्टर केके शर्मा का कहना है कि इस बात की जांच कराई जाएगी कि आखिर पीएचसी में अवैध शराब बनाने का काम कैसे चल रहा था। यदि किसी विभागीय कर्मचारी की मिलीभगत मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।