जिले के पांच ब्लाकों और तीन टाउन एरिया में शनिवार को कुपोषित बच्चों को चिह्नित करने के लिए वजन दिवस मनाया गया। इसके तहत उक्त जगहों पर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगभग एक लाख से अधिक बच्चों का वजन लिया गया। इसकी रिपोर्ट रविवार को अधिकारियों को सौंपी जाएगी। दूसरा चरण 13 दिसंबर को चलाया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब सिंह ने बताया कि मैनपुरी के ब्लाक बरनाहल करहल, घिरोर, सुल्तानगंज, कुरावली, कुरावली टाउन, घिरोर टाउन, करहल टाउन में शनिवार को वजन दिवस मनाया गया। इस दौरान लगभग एक लाख 11 हजार बच्चों का वजन किया गया। इसके लिए विकास भवन के आशुलिपिक कक्ष में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
बिछवां विकास खंड क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों का वजन कराया गया। सर्दी के चलते केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति कम देखी गई तो घरों से बुला बुलाकर सेंटरों पर वजन कराया गया। क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों का शनिवार को वजन कराया गया। पिछले माह भी बच्चों का वजन कराया गया था। आंगनबाड़ी केंद्र साडा, मरहरी, हन्नूखेडा, इन्नीखेड़ा, नगला भजन, बवीना, सिमरई आदि सेंटरों पर बच्चों का वजन कराया गया। पर्यवेक्षकों की टीम ने केंद्रों का दौरा किया। वहीं बरनाहल, करहल, घिरोर, सुल्तानगंज, कुरावली, कुरावली टाउन, घिरोर टाउन, करहल टाउन में स्थित अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी बच्चों का वजन तोला गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब सिंह ने बताया कि 13 दिसंबर को वजन दिवस के तहत शेष ब्लाकों में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन से निर्देश मिले हैं कि जिले में 33 हजार बच्चों का चिह्नांकन किया जाएगा।