मैनपुरी के अवधेश सिंह को एक अंजान कॉल पर खाते की गोपनीय जानकारी साझा करना महंगा पड़ गया और उनके खाते से 99,500 रुपये निकाल लिए गए। 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पूरी धनराशि फ्रीज कराकर पीड़ित को वापस दिला दी।
मैनपुरी पुलिस लाइन के पास रहने वाला युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। ठग ने खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद सक्रिय हुई साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार को युवक के खाते से निकाली गई पूरी धनराशि वापस कराई।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास निवास कर रहे अवधेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास एक अंजान कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें बातों में उलझा कर खाते संबंधी गोपनीय जानकारी ले ली। जिसके कुछ देर बाद ही उनके खाते से 99500 रुपये की धनराशि निकाल ली गई।
मैसेज आने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। तुरंत ही 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बैंक अधिकारी को धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी दी। शिकायत पर सक्रिय हुई साइबर थाना पुलिस ने अवधेश के खाते से निकाली गई धनराशि को फ्रीज कराने में सफलता हासिल की। मंगलवार को धनराशि वापस दिलाई गई।