मैनपुरी। राष्ट्रीय हरित अधिकरण की प्रमुख पीठ दिल्ली ने मैनपुरी के सभी तालाबों व झीलों के संरक्षण की याचिका में 9 अधिकारियों सहित 13 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। अभिलेख सहित शपथपत्र देने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई के लिए 28 सितंबर की तारीख तय की गई है।
याचिका दायर करने वाले अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने बताया कि तालाबों, झीलों के संरक्षण की याचिका राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने स्वीकार कर ली है। सुनवाई के बाद मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन विभाग, प्रमुख सचिव सिंचाई व जल संसाधन विभाग, प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय आगरा सहित 4 अन्य को नोटिस जारी हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी को सभी जलीय निकायों के पुराने राजस्व अभिलेख सहित पूर्ण विवरण शपथपत्र सहित दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी। याचिका में अस्योली, तालिबपुर, थोरवा, नारायणपुर, धरमंगदपुर नगरिया, अठलकडा, आसफपुर, जैतूलपुर, ईसापुर खास, कुशलपुर,आरमसराय, अम्हेरा, अपूरपुर, अहमदपुर करुआमई, अकबरपुर विकू, अलीपुर पट्टी, अलीपुर खेड़ा, अहिरवा, ओंग, अजीतगंज, भोगांव के सोमनाथ तालाब, मैनपुरी के देवपुरा देहात के तालाबों संरक्षण की मांग की गई है।