मैनपुरी। स्वादिष्ट सोनपापड़ी को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जनपद-एक व्यंजन योजना के तहत सूचीबद्ध करने के लिए चुना गया है। मैनपुरी के अन्य प्रसिद्ध व्यंजन, जैसे उल्दा पूड़ी और मट्ठे के आलू को इससे झटका लगा है, लेकिन सोनपापड़ी के कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीदें हैं।
मैनपुरी की सोनपापड़ी की ख्याति देश भर में है। उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद्र ने बताया कि जिले की प्राचीन सोनपापड़ी को ओडीओसी योजना में शामिल करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। पहले उल्दा पूड़ी और मट्ठे के आलू पर विचार किया जा रहा था, लेकिन सोनपापड़ी की देश-विदेश तक फैली प्रसिद्धि को देखते हुए इसे योजना में शामिल करने का फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री की ओर से जब योजना का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा, तब मैनपुरी की सोनपापड़ी के शामिल होने की पूरी उम्मीद है।