अधिकांश बैंक और एटीएम में नहीं कैश
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी के बाद रुपयों के लिए जूझ रहे लोग मंगलवार को भी परेशान हुए। अधिकांश बैंक और एटीएम में कैश नहीं होने से लोग पूरे दिन परेशान रहे। रुपये निकालने के लिए लोग एक से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते नजर आए। 500 के नए नोट आने से लोगों में नया नोट पाने के लिए उत्सुकता बनी रही।
नोटबंदी के बाद आम आदमी की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सुबह होते ही लोग बैंक ओर एटीएम के बाहर लाइन में खड़े हो जाते हैं। उनको आशा रहती है कि सुबह नहीं तो दोपहर बाद कैश आ ही जाएगा। अधिकंाश एटीएम और बैंक के बाहर सुबह से ही नो कैश के बोर्ड टांग दिए जाते हैं। शाम तक लोग इंतजार में लाइन से नहीं हटते हैं। मंगलवार को भी जिले भर में यही नजारा देखने को मिला। लोग एटीएम के बाहर खड़े रहे। अधिकांश एटीएम में ताले झूलते रहे। नगर निवासी अशोक मिश्रा, मयंक दुबे, राजकुमार वर्मा का कहना है कि आखिर करें क्या। बैंक और एटीएम में कैश ही नहीं है। बैंकों द्वारा दिए गए 2000 के नोटों से भी बजट गड़बड़ा गया है। दुकानदार 2000 के नोट के खुले ही नहीं दे रहे हैं। खुले रुपयों के लिए अब मारामारी मची हुई है। वहीं, 500 के नए नोट आने के बाद लोगों में बैंक से 500 का नोट पाने की उत्सुकता पूरे दिन बनी रही। कुछ लोगों को 500 के नोट मिल भी गए। जिनको यह नोट मिल गए उनके चेहरों पर खुशी नजर आई।