मैनपुरी के कुरावली में मंडी के पास आढ़ती से 50 हजार रुपये की नकदी लूट के एक आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर लूटकांड खुलासे के संबंध में जानकारी दी।
एसपी सिटी ने बताया कि गांव महादेवा कुरावली के रहने वाले आढ़ती अनिल कुमार 27 अगस्त को बाइक से जा रहे थे। तभी नवीन मंडी गेट नंबर एक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी जेब में रखी 50 हजार रुपये की नकदी लूट की वारदात अंजाम दी थी। उक्त घटना के संबंध में छिनैती की धारा में केस दर्ज करने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।
शनिवार को थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में नगला ऊसर के पास बाइक सवार संदिग्ध देखा गया है। उक्त ने ही आढ़ती से लूट की वारदात अंजाम दी थी। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर नगला ऊसर मोड़ से बाइक से जा रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर पकडे़ गए बदमाश ने अपना नाम मोनू निवासी बिलग्राम हरदोई बताया। तलाशी में उसके पास करीब 30 हजार की नकदी बरामद हुई। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मोनू ने बताया कि आढ़ती से लूट की घटना में राजा बाबू निवासी गांव सांडी हरदोई भी उसके साथ था।
उसके पास जो बाइक है, उसी पर बैठ कर वारदात को अंजाम दिया था। बताया कि वह लोग आसपास के जनपद में भी लूट आदि की वारदात अंजाम देते रहे हैं। मोनू पर पांच से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं साथी राजा पर आठ से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों से मिली अन्य जानकारी पर भी काम कर रही है।