फोटो 2 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसरऊ का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता। स्रोत विभाग
मैनपुरी। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसरऊ का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर समय से पहले ही घर जा चुके थे। दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मेडिकल ऑफिसर को चेतावनी दी गई जबकि कर्मचारियों का अनुपस्थित दिनों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
सीएमओ दोपहर 1:20 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसरऊ पहुंचे। निरीक्षण के समय ऋषि कुमार स्वीपर चौकीदार एक दिन से, प्रशांत कुमार वार्ड बॉय दो दिन से अनुपस्थित थे। दोनों कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश चिकित्सा अधीक्षक कुचेला डॉक्टर सिद्धार्थ सिंह भदौरिया को दिए। निरीक्षण के समय चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी सिंह अस्पताल में नहीं थे। स्टाफ ने बताया कि अभी 20 मिनट पहले किसी आवश्यक कार्य से घर चले गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चेतावनी दी कि समय से पूर्व कोई कर्मचारी अधिकारी अस्पताल नहीं छोड़ेगा।
अस्पताल की ओपीडी में 35 मरीज आए हुए थे, जिसमें दो मरीजों को ड्रिप लगाकर भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। सीएमओ ने फार्मासिस्ट विनय शुक्ला से भर्ती रजिस्टर मांगा तो फार्मासिस्ट रजिस्टर नहीं दिखा सके। सीएमओ ने तुरंत एक रजिस्टर तैयार कर विधिवत कालम बनाकर भर्ती मरीज रजिस्टर में अंकित करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने मरीजों के लिए हीट वेव वार्ड और ओआरएस कॉर्नर, पीने के पानी की व्यवस्था, बैठने के लिए तीन सीटर और पंखे कूलर आदि की व्यवस्था करने के निर्देश चिकित्साधीक्षक को दिए।