फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन इस दौरान पूरा शोरूम में जल गया और शोरूम संचालक का लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
मैनपुरी के कचहरी रोड पर बस स्टैंड के पास स्थित बैटरी और ऑयल के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पास में मौजूद टायर के शोरूम के बाहर लगी हुई पीवीसी शीट भी पूरी तरह से जलकर गिरने लगी। घटना की सूचना पर मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची और करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने की वजह से दोनों शोरूम में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कचहरी रोड पर बस स्टैंड के पास पंकज महेश्वरी का महेश्वरी ट्रेडर्स के नाम से बैटरी और मोबिल ऑयल का शोरूम है। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे पंकज अपना शोरूम बंद कर घर चले गए थे। 7:45 बजे उन्हें फोन द्वारा किसी ने जानकारी दी कि आपके शोरूम में आग लग गई है, जिसके बाद पंकज तत्काल शोरूम पर पहुंचे। शोरूम में लगी आग देखकर पंकज बदहवास होने लगे, बार-बार फायर ब्रिगेड को बुलाने की गुहार करने लगे।
विज्ञापन
लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन इस दौरान पूरा शोरूम में जल गया और शोरूम संचालक का लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
आग में फटने लगी बैटरी और ऑयल के ड्रम
बैटरी और तेल के शोरूम में लगी आग के बाद शोरूम में रखी बैटरी और तेल के ड्रम तेज आवाज के साथ फटने लगे, जिससे आग ने और ज्यादा विकराल रूप धारण कर लिया।
टायर शोरूम को आग ने चपेट में लिया
पंकज महेश्वरी के शोरूम के पास ही सरदार जी टायर वाले का शोरूम भी है। बैटरी शोरूम में लगी आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर से ही देखी जा रही थी। आग से निकलने वाली चिंगारी पास में मौजूद टायर शोरूम के बाहर लगे हुए पीवीसी पैनल में पहुंच गई, जिससे पीवीसी पैनल भी आग में जलकर पिघलने लगा।
अन्य दो दुकानों के बोर्ड जले
भीषण आग होने की वजह से जहां टायर और बैटरी शोरूम में आग लग गई। वहीं पास में मौजूद अन्य दुकानों के बाहर जो बोर्ड लगे हुए थे और खंबे पर बिजली के तार ने भी आग पकड़ ली। काफी देर तक बिजली के तारों में भी आग लगती रही। पुलिस ने बिजली विभाग को कॉल कर तत्काल शटडाउन लिया, इसके बाद अन्य दुकानों के बोर्ड और तार में लगी हुई आग को बुझाया गया। पुलिस ने आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को पहले ही रुकवा दिया।