मैनपुरी। बसों की कमी के कारण दूसरे दिन भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा। मैनपुरी डिपो के बस स्टैंड पर यात्रियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ा। ऐसा ही हाल बेवर बस स्टैंड का रहा, यहां भी यात्रियों को गंतव्य की ओर जाने में कठिनाई हुई। जनपद की 33 बसें लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के लिए भेजी हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से राजधानी लखनऊ में 64 एकड़ भूमि में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण कराया है। प्रेरणा स्थल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। कार्यक्रम के लिए लखनऊ में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, वहां लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए रोडवेज की 400 बसों को लगाया था। परिवहन निगम के मैनपुरी डिपो की 23 और बेवर डिपो की 10 बसें लखनऊ भेजी है।
मार्गों पर बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले बुधवार को और फिर बृहस्पतिवार को यात्रियों अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए किल्लत झेलनी पड़ी। बस स्टैंड पर इंतजार के बाद यात्रियों ने बाईपास पर बसों का इंतजार किया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात तक बसें वापस डिपो में लौट आएंगी। इसके लिए उनका नियमित संचालन कराया जाएगा।
कन्नौज के लिए जाना है, कई घंटे इंतजार के बाद भी बस नहीं मिल रही है। अब पहुंचने में भी देरी होगी। रोडवेज विभाग को पहले से ही व्यवस्था कर लेनी चाहिए थी। रामप्रकाश, यात्री
बेवर से आगरा जाने के लिए कोई बस नहीं मिल रही है। प्राइवेट बस से ही जाना पड़ेगा। आगरा जरूरी काम से समय पर पहुंचना है। पता नहीं कब तक परेशानी रहेगी। सोनम, यात्री
आठ घंटा 33 मिनट फिर देरी से आई कालिंदी एक्सप्रेस
मैनपुरी। कोहरे छटने के बाद भी ट्रेनों की लेट-लतीफी ने यात्रियों की समस्या को बढ़ा दिया है। पिछले कई दिनों से कालिंदी एक्सप्रेस के देरी से आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को प्रयागराज से चलकर भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस डाउन अपने निर्धारित समय से आठ घंटा 33 मिनट देरी से मैनपुरी स्टेशन पहुंची। ट्रेन रात 11:20 बजे के स्थान पर सुबह 7:53 बजे मैनपुरी स्टेशन पहुंची। वहीं, भिवानी से चलकर कानपुर जाने वाले कालिंदी एक्सप्रेस अप एक घंटा 30 मिनट की देरी से मैनपुरी पहुंची। संवाद