मैनपुरी। जिले में स्थापित 60 सरकारी क्रय केंद्रों पर 17 मार्च से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। केंद्रों पर प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए ई-पॉश मशीनें लगाई हैं। पंजीकरण कराने वाले किसान सत्यापन के बाद गेहूं की बिक्री कर सकेंगे।सरकारी गेहूं खरीद को लेकर शासन की ओर से निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जनपद में किसानों का गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 प्रति क्विंटल की दर से खरीदने के लिए 60 क्रय केंद्र बनाए हैं। जनपद में खुले क्रय केंद्रों पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। डिप्टी आरएमओ राकेश त्रिपाठी ने बताया कि 17 मार्च से जिले में खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी। जिन किसानों ने पंजीकरण कराया है, उनके सत्यापन के बाद निर्धारित एमएसपी पर खरीद की जाएगी। किसान खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि गेहूं खरीद केंद्रों पर बिचौलियों को रोकने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉश मशीनें अनिवार्य की गई हैं। मशीनों के माध्यम से किसान के आधार प्रमाणीकरण (अंगूठा लगाने) के बाद ही गेहूं की खरीद की जाएगी। बिक्री का रुपया भी सीधे किसान के खाते में जाएगा।
घर बैठे किसान बेच सकेगा गेहूं
जिले में गेहूं खरीद के लिए 60 क्रय केंद्र खोलेे गए हैं। 17 मार्च से खरीद शुरू हो जाएगी। शासन की ओर से किसान को घर बैठे सरकारी रेट पर गेहूं बेचने के लिए मोबाइल केंद्र भी खोले जाएंगे। जिले में भी मोबाइल क्रय केंद्र खोले जाने को लेकर चर्चा है। मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक तहसील में एक एक-एक मोबाइल खरीद केंद्र खोले जाएंगे। इससे किसान घर बैठे ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेच सकेगा।