फोटो 31 नौनेर में पानी की आपूर्ति के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
दन्नाहार। क्षेत्र के गांव नौनेर में संचालित जल निगम की टंकी को बिना बताए एक माह पूर्ण बंद कर देने के बाद ग्रामीणों के सामने पानी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने गांव में ही प्रदर्शन कर पानी की व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत जल निगम की बनी टंकी के ही प्रांगण में जल जीवन मिशन के तहत टंकी बनाई गई। लेकिन उसकी पाइपलाइन आज तक गांव में नहीं बिछाई गई। जगह-जगह गलियां खोदकर गड्ढे छोड़ दिए गए। जल निगम की टंकी ग्राम पंचायत की देखरेख में चल रही थी। इसको एक माह पूर्ण बिना सूचना दिए जल निगम के कर्मचारी व जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई टंकी के लोगों ने मिलकर पुरानी टंकी को बंद कर पुरानी पाइप लाइन में ही जल जीवन मिशन की लाइन को जोड़ दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि एक माह से अधिक समय होने के बाद भी गांव में लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। गांव में इंडिया मार्का नल पहले से ही काम नहीं करते हैं। क्योंकि नौनेर गांव ऊंचे टीले पर बसा हुआ है। वाटर लेवल बहुत गहराई में है। पानी की समस्या को देखते हुए ही जल निगम ने वर्षों पूर्व पानी की टंकी बनाई थी। परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को गांव में प्रदर्शन किया। अमित कुमार, शिवम दुबे, आनंद सिंह, सुगरपाल, शिवसिंह, अंचल पाठक, मनु चौहान, विनय तिवारी मौजूद रहे।
जल निगम ने बिना सूचना दिए ही पुरानी टंकी का वाल खोल लिया है। जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से मिलकर लाइन को पुरानी पाइपलाइन से जोड़ दिया है। जल निगम की टंकी का संचालन ग्राम पंचायत के हिसाब से किया जा रहा था।
रत्नेश कुमार दिवाकर, प्रधान नौनेर